Death By Lightning: जिले में आसमानी आफत का कहर…बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पसरा मातम
रायपुर। Death By Lightning: छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने वाली हैं। इसी बीच बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में काम करने गई मानती टेकाम (33) और उनकी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मां-बेटी खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को मां-बेटी की मदद करने का मौका तक नहीं मिल पाया। एक साथ दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई थी। दोनों युवक भी बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वे बिजली की चपेट में आ गए थे।
Death By Lightning: वहीं लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।




