Raipur Crime News: WRS कॉलोनी हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी ने ही की थी युवती की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने खोले राज
रायपुर। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के पास पानी भरे खेत में युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध में अविश्वास और चरित्र पर संदेह के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि नंदिनी और आरोपी करण तांडी पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध में थे। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे, लेकिन बाद में अलग-अलग रहने लगे। इसी दौरान आरोपी को युवती के चरित्र पर संदेह होने लगा, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।
मुलाकात के बहाने बुलाकर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 अगस्त की शाम आरोपी ने नंदिनी को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंस दिया और फिर उसी दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद भी आरोपी नहीं रुका। पुलिस के मुताबिक, उसने युवती की मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पास के पानी भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया। बाद में खेत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी करण तांडी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
हत्या का मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
Raipur Crime News: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंध में अविश्वास और चरित्र पर संदेह सामने आया है।




