Himachal Bus Accident: दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 7 लोगों की मौत, 11 घायल
चंबा। Himachal Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे जा गिरी। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना गंभीर था कि बस पलटने के बाद उसके पहिए ऊपर की तरफ हो गए और छत सड़क की ओर थी। कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दलों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला।
चालुज मोड़ के पास हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना तीसा-बैरागढ़ रोड पर चालुज मोड़ के समीप हुई। बताया जा रहा है कि शर्मा बस कंपनी की बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में शामिल बस का नंबर HP73A-2101 बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया।
7 लोगों की गई जान
हादसे में चार पुरुष और तीन महिलाओं की मौत हुई है। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल बताए गए हैं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- जगदेव शर्मा, पुत्र धर्म सिंह, निवासी बाहला, देवीकोठी, चुराह — उम्र 50 वर्ष
- देस राज, पुत्र त्रिलोचन, निवासी बाहला, देवीकोठी, चुराह — उम्र 35 वर्ष
- तेज सिंह, पुत्र प्यारे लाल, निवासी सत्यास, तरेला, चुराह — उम्र 39 वर्ष, परिचालक
- जगदेई, पुत्री हरि लाल, निवासी बाहला, देवीकोठी, चुराह — उम्र 24 वर्ष
- हरदेई, पत्नी जगदेव, निवासी बाहला, देवीकोठी, चुराह — उम्र 43 वर्ष
- नीलम, पत्नी मोती सिंह, निवासी देवीकोठी, चुराह — उम्र 34 वर्ष
- रूप सिंह, पुत्र राधा राम, निवासी चिल्ली, थल्ली, चुराह — उम्र 35 वर्ष, चालक
11 लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की सूची में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों की पहचान—
- कर्ण सिंह उर्फ साहिल, पुत्र हरि सिंह, बैरागढ़ — 18 वर्ष
- सुष्मिता, पुत्री प्रमोद कुमार, अयोध्या — 32 वर्ष
- प्रियंका, पुत्री बिट्टु, देवीकोठी — 5 वर्ष
- हर्षु, पुत्री बिट्टु, देवीकोठी — 4 वर्ष
- पानो देवी, पत्नी योगेंद्र मंगल, डिरयाला, देवीकोठी — 41 वर्ष
- काव्या, पुत्री मोती सिंह, देवीकोठी — 11 वर्ष
- धन्नी, पुत्री भगतो, रंडियूंड, देवीकोठी — 40 वर्ष
- धर्मों देवी, पत्नी जस्सा राम, घुलेई, चुराह — 62 वर्ष
- अप्रित मंगल, पुत्र योगेंद्र मंगल, डिरयाला, देवीकोठी — 11 वर्ष
- नेहा, पुत्री मोती सिंह, देवीकोठी — 10 वर्ष
- विजय कुमार, पुत्र बेली राम, सरवास, तेरला, चुराह — 34 वर्ष
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में बस की स्थिति बेहद क्षतिग्रस्त दिखाई दी। बस के चारों पहिए ऊपर की ओर थे, जबकि उसका ऊपरी हिस्सा सड़क की तरफ था। कई यात्री दुर्घटना के बाद बस के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और राहत टीमों के साथ मिलकर उन्हें बाहर निकालने में मदद की। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की वजह की जांच जारी
Himachal Bus Accident: फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस अनियंत्रित कैसे हुई और हादसे के पीछे सड़क, मौसम, वाहन या चालक से जुड़ा कोई कारण था या नहीं। तीसा थाना के एडिशनल एसएचओ अनुभव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य पूरा करने के साथ घायलों के उपचार पर भी नजर रखी जा रही है।



