जहां हुई 4 हिंदुओं की हत्या, वहां अब धमाके में बच्ची की मौत, लोगों ने की न्याय की मांग

जम्मू-कश्मीर। राजौरी जिले के धांगरी गांव में बम धमाके में एक बच्चे की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य गंभीर घायल हो गया है। इसके अलावा 4 अन्य लोग भी बम धमाके में जख्मी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह धमाका उसी जगह पर हुआ है, जहां पर लोग कल हुई हत्याओं का विरोध कर रहे थे।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के एडीजी मुकेश सिंह ने कहा, ‘जिन घरों को निशाना बनाकर कल आतंकियों ने फायरिंग की थी। उनके पास ही बम धमाका हुआ है। इसमें 5 लोग जख्मी हुए हैं और एक बच्चे की जान चली गई है। यहीं से एक संदिग्ध आईईडी को सुरक्षा बलों ने बरामद भी कर लिया है।’ उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह बम भी उन आतंकियों ने ही यहां रखा था, जिन्होंने रविवार शाम को गोलियां बरसाकर 4 हिंदुओं का कत्ल कर दिया था।
रविवार शाम को हुई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 7 लोग बुरी तरह से जख्मी हुए थे। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर में हिंदू समुदाय का गुस्सा फूट गया है। धांगरी में लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। मारे गए लोगों के परिजनों ने आज सुबह ही चारों शवों को सड़क पर रख दिया और न्याय की मांग की।




