HNLU Hikes Mess Fees: पेट्रोल-डीजल और LPG की महंगाई का असर, इस यूनिवर्सिटी ने बढ़ाई मेस फीस, अब छात्रों को रोज देने होंगे इतने रुपए
रायपुर। HNLU Hikes Mess Fees: हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की मेस फीस में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पिछले दो वर्षों में खाद्य सामग्री, कमर्शियल एलपीजी और परिवहन लागत में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके चलते मेस संचालन का खर्च काफी बढ़ गया है। इसी कारण शुल्क में संशोधन किया गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, पहले प्रत्येक छात्र से प्रतिदिन 147 रुपये मेस शुल्क लिया जाता था। अब इसे बढ़ाकर 154.35 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। यानी हर छात्र को प्रतिदिन 7.35 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। यदि एक शैक्षणिक सत्र में छात्र लगभग 260 दिन हॉस्टल में रहते हैं, तो उन्हें पूरे सत्र में करीब 2,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।
प्रशासन ने बताया कि बढ़ती लागत को देखते हुए मेस संचालित करने वाले कैटरिंग ठेकेदार ने 10 प्रतिशत शुल्क वृद्धि की मांग की थी। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के बाद इसे घटाकर 5 प्रतिशत तक सीमित रखा गया, ताकि छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम पड़े।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेस शुल्क से संस्थान को किसी प्रकार का आर्थिक लाभ नहीं मिलता। छात्रों से वसूली गई पूरी राशि सीधे कैटरिंग सेवा प्रदाता को भुगतान की जाती है। विश्वविद्यालय की भूमिका केवल मेस संचालन की निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, ऑडिट और प्रशासनिक समन्वय तक सीमित रहती है।
HNLU Hikes Mess Fees: सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रशासन ने जानकारी दी कि हॉस्टल के सी और डी ब्लॉक के डाइनिंग हॉल को एयर कंडीशनिंग सुविधा से लैस किया गया है। इसके अलावा आगामी समय में मेस और हॉस्टल परिसर में अन्य आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन और नवीनीकरण की भी योजना बनाई गई है। विश्वविद्यालय का कहना है कि शुल्क में किया गया यह संशोधन बढ़ती परिचालन लागत और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है।




