Teacher Recruitment: शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म, 32 हजार से भी ज्यादा पदों पर होगी बहाली, नोटिफिकेशन जारी
पटना। Teacher Recruitment: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 के विज्ञापन का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म हो गया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 32,388 शिक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। विज्ञापन जारी होने के साथ ही शिक्षक अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। इस भर्ती अभियान में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षकों के पद शामिल किए गए हैं।
32 हजार से ज्यादा पदों पर होगी नियुक्ति
TRE-4 में अलग-अलग कक्षाओं के लिए पदों का निर्धारण किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा रिक्तियां कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए रखी गई हैं।
पदों का विवरण इस प्रकार है:
- कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
- कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
- कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
- कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
- कुल: 32,388 पद
कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए निर्धारित 16,101 पद इस भर्ती के सबसे बड़े हिस्से में शामिल हैं। वहीं प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में भी हजारों पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सीएम ने जताई शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हाल में TRE-4 भर्ती को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती के लिए आवश्यक अधियाचना BPSC को भेज दी गई है। सरकार का कहना है कि इस भर्ती से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी रोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही राज्य के सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से महसूस की जा रही शिक्षकों की कमी को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
कई महीनों से विज्ञापन का इंतजार कर रहे थे अभ्यर्थी
TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी लंबे समय से आवाज उठा रहे थे। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गर्दनीबाग धरनास्थल पर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में जुटे अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीख और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में TRE-4 विज्ञापन, BSSC परीक्षा की तारीख, लाइब्रेरियन भर्ती, BET, दरोगा और सिपाही भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर स्पष्टता और पारदर्शी प्रक्रिया शामिल रही।
नोटिफिकेशन के बाद बढ़ी उम्मीद
Teacher Recruitment: TRE-4 का विज्ञापन जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों पर है। हजारों उम्मीदवार इस भर्ती के जरिए सरकारी शिक्षक बनने का लक्ष्य लेकर तैयारी कर रहे हैं। 32 हजार से अधिक पदों की घोषणा से लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।





