
PATNA. छठ और दिवाली जैसे पर्वों के लिए घर आने-जाने वालों के लिए रेलवे ने राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम की सौगात दी है, लेकिन इसमें एक शर्त ने कई यात्रियों को निराश किया है. रेलवे ने साफ कर दिया है कि इस योजना का लाभ केवल कंफर्म टिकट वालों को ही मिलेगा, वेटिंग या RAC टिकट पर कोई छूट नहीं दी जाएगी. साथ ही, इस स्कीम के तहत बुक टिकटों पर कोई रिफंड भी नहीं होगा. यह योजना 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 तक की जाने वाली यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक की वापसी यात्रा के लिए लागू होगी, जिसमें वापसी टिकट के आधार किराए पर 20% छूट दी जाएगी.रेलवे के अनुसार, बुकिंग 14 अगस्त 2025 से शुरू होगी, और यात्रियों को दोनों यात्राओं (आने और वापसी) के लिए एक ही क्लास और एक ही मूल-गंतव्य जोड़ी में कंफर्म टिकट बुक करना होगा. बुकिंग IRCTC ऐप या रेलवे काउंटर के जरिए की जा सकती है, लेकिन दोनों यात्राओं का मोड (ऑनलाइन या ऑफलाइन) एक ही होना चाहिए. पहली बुकिंग के बाद यात्री विवरण या PNR में कोई बदलाव संभव नहीं होगा. सफल भुगतान के बाद, रिटर्न जर्नी के लिए 20% छूट का विकल्प दिखाई देगा, जिसे चुनकर यात्री वापसी टिकट बुक कर सकते हैं.यह स्कीम सभी श्रेणियों और ट्रेनों (विशेष ट्रेनों सहित) पर लागू होगी, सिवाय उन ट्रेनों के जिनमें फ्लेक्सी किराया लागू है, जैसे राजधानी, शताब्दी और दुरंतो. रेलवे का कहना है कि इस योजना से पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, बुकिंग को सुगम बनाने और ट्रेनों का दोनों दिशाओं में बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा. समस्तीपुर के यात्रियों का कहना है कि यह स्कीम उनके लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि अब वापसी टिकट की चिंता और बर्थ की मशक्कत से छुटकारा मिलेगा. स्थानीय निवासी राकेश कुमार कहते हैं, “पहले छठ में घर आने के बाद वापसी का टिकट पक्का करना बड़ा सिरदर्द था. अब 20% छूट के साथ कंफर्म टिकट मिलेगा, तो पर्व का आनंद दोगुना हो जाएगा.”हालांकि, वेटिंग टिकट पर छूट न मिलने और नो रिफंड नीति ने कुछ यात्रियों को निराश किया है. एक यात्री सुनीता देवी ने कहा, “कंफर्म टिकट मिलना आसान नहीं होता, खासकर पर्व के समय. अगर वेटिंग टिकट पर भी छूट मिलती, तो ज्यादा लोगों को फायदा होता.” रेलवे ने साफ किया कि यह एक प्रयोगात्मक योजना है, और इसका उद्देश्य भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा है.
कैसे करें बुकिंग?
IRCTC ऐप/वेबसाइट पर “Festival Round Trip Scheme” विकल्प चुनें या रेलवे काउंटर पर जाएं.
13-26 अक्टूबर 2025 के लिए आने वाली यात्रा बुक करें.
कंफर्म टिकट मिलने पर, 17 नवंबर-1 दिसंबर 2025 के लिए वापसी टिकट बुक करें.
दोनों यात्राओं के लिए यात्री विवरण, क्लास और रूट एक ही हों.
भुगतान के बाद 20% छूट वाला रिटर्न टिकट PNR जनरेट होगा.




