ब्रेकिंग न्यूज़: ‘सुशासन तिहार 2025’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आकस्मिक दौरा, करीगांव में लगाया जनचौपाल

सक्ती : ‘सुशासन तिहार 2025’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिना पूर्व सूचना के सक्ती जिले के बंदोरा गांव में आकस्मिक दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक गांव में उतरते ही स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इसके बाद मुख्यमंत्री करीगांव पहुंचे, जहां वे पीपल के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर रहे हैं। चौपाल की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री स्वयं खाट पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आ रहे हैं।
करीगांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में कमल का फूल भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान गांव के लोग खुलकर अपनी बातें रख रहे हैं और मुख्यमंत्री हर एक सुझाव और शिकायत को गंभीरता से सुन रहे हैं।
मुख्यमंत्री का यह दौरा ‘सुशासन तिहार’ के तीसरे चरण के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य शासन को जनता के बीच ले जाना और योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत परखना है।




