जेल में बंद अनवर ढेबर और केके श्रीवास्तव की मुश्किलें बढ़ी, शराब घोटाले मामले में EOW ने मांगा प्रोडक्शन वारंट
रायपुर। CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में जेल में बंद अनवर ढेबर और केके श्रीवास्तव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एसीबी/EOW ने कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट के लिए याचिका लगाई है, जिससे उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है। अनवर ढेबर को पहले ही ईडी ने गिरफ्तार किया था और अब एसीबी/EOW भी उनसे पूछताछ करना चाहती है।
बता दें कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल 2019 से 2023 के बीच शराब नीति में बदलाव कर बड़े स्तर पर घोटाला किया गया था। लाइसेंस की शर्तें इस तरह बनाई गई कि, चुनिंदा कंपनियों को ही फायदा मिले। इन कंपनियों ने नोएडा की एक फर्म के जरिए नकली होलोग्राम और सील बनवाई। इसके बाद नकली होलोग्राम लगी शराब की महंगी बोतलें सरकारी दुकानों के माध्यम से बिक्री करवाई गई।
CG Liquor Scam: मालूम हो कि, शराब घोटाले में अब तक पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा आबकारी विभाग के 28 अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया था, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।




