Fake Cream Seized: त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, फैक्ट्री से 955 किलो नकली क्रीम बरामद
हापुड़। Fake Cream Seized: रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे बड़े त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने हापुड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित एक प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यहां से करीब 955 किलो संदिग्ध मिलावटी क्रीम और 55 किलो रिफाइंड पाम ऑयल बरामद किया गया। कार्रवाई बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फतेहपुर इलाके में की गई। विभाग के अनुसार, किराए के मकान में बिना खाद्य लाइसेंस के कथित तौर पर क्रीम तैयार की जा रही थी। टीम ने पहले जानकारी जुटाई और इसके बाद देर रात अचानक छापेमारी की।
Raksha Bandhan 2026: इस रक्षाबंधन लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, जानें भद्रा का साया रहेगा या नहीं
दही और वनस्पति से तैयार की जा रही थी क्रीम
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम को क्रीम तैयार करने में सपरेटा दही, रिफाइंड पाम ऑयल, वनस्पति और सीमित मात्रा में असली क्रीम के इस्तेमाल की जानकारी मिली। विभाग को आशंका है कि तैयार उत्पाद को त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग के बीच पनीर और देसी घी जैसे खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किया जाना था। बताया जा रहा है कि इस तैयार माल की सप्लाई दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर समेत आसपास के बाजारों में किए जाने की तैयारी थी।
955 किलो क्रीम मौके पर नष्ट
खाद्य विभाग ने बरामद करीब 955 किलोग्राम संदिग्ध क्रीम को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके लिए जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाया गया और पूरी सामग्री उसमें डालकर नष्ट कर दी गई। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बरामद खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के मुताबिक, बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में संदिग्ध क्रीम बरामद हुई है। कार्रवाई के बाद प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया है। विभाग द्वारा प्रतिष्ठान के संचालक तुषार शर्मा के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
त्योहारों से पहले बढ़ाई गई निगरानी
Fake Cream Seized: त्योहारी सीजन में मिठाई, पनीर, घी, क्रीम और अन्य डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी रोकने के लिए जांच अभियान तेज किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच करें। असामान्य रूप से सस्ते या खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों से सावधानी बरतें और संभव हो तो भरोसेमंद एवं अधिकृत दुकानों से ही सामान खरीदें। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।




