E20 Petrol Controversy: ‘होश खो बैठे हैं BJP नेता,अपने बाप के घर से ले आएं शुध्द पेट्रोल’-पूर्व सीएम भूपेश बघेल

रायपुर। E20 Petrol Controversy: पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रण यानी E20 पेट्रोल को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है। रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। बघेल ने कहा कि भाजपा नेताओं को इस मुद्दे पर अपनी भाषा और तथ्यों को लेकर संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि,बीजेपी नेता अपना होश खो बैठे हैं. अगर जनता शुद्ध पेट्रोल मांग रही है तो बाप के घर नहीं तो क्या उसके बाप के घर से आ रहे हैं? उसके बाप के घर से ले आएं शुध्द पेट्रोल। ”
क्या बोले थे जनार्दन मिश्रा?
रीवा एयरपोर्ट पर नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा ने E20 पेट्रोल का विरोध करने वालों पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करते हुए केवल शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने सवाल किया था कि “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।
तेल आयात का दिया हवाला
जनार्दन मिश्रा ने E20 के समर्थन में भारत की तेल जरूरतों और आयात पर निर्भरता का जिक्र किया। उनका कहना था कि देश अपनी जरूरत का एक सीमित हिस्सा ही घरेलू स्तर पर कच्चे तेल के रूप में पैदा करता है, जबकि बड़ी मात्रा में तेल दूसरे देशों से आयात करना पड़ता है। सांसद ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में भारत को वैकल्पिक उपायों पर ध्यान देना जरूरी है। उनके मुताबिक, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से देश की तेल आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
ब्राजील का उदाहरण देकर E20 का समर्थन
बीजेपी सांसद ने एथेनॉल के इस्तेमाल के लिए ब्राजील का उदाहरण भी दिया। उन्होंने दावा किया कि वहां बड़े पैमाने पर एथेनॉल आधारित ईंधन का उपयोग किया जाता है और वाहन इसके जरिए संचालित हो रहे हैं। उन्होंने ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और मैकेनिकों के हवाले से यह भी कहा कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन से वाहनों के इंजन को नुकसान होने की आशंका को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने किया पलटवार
जनार्दन मिश्रा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि E20 को लेकर जनता के मन में जो सवाल हैं, उनका जवाब राजनीतिक बयानबाजी के बजाय तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए। बघेल ने कहा कि यदि उपभोक्ता ईंधन की गुणवत्ता, वाहन के माइलेज और इंजन पर संभावित प्रभाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं तो सरकार को इन चिंताओं को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सांसद के बयान को लेकर बीजेपी नेताओं के रवैये पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
Parliament Monsoon Session: संसद में आज फिर हंगामे के आसार, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
E20 को लेकर पहले से चल रही राजनीतिक बहस
E20 Petrol Controversy: पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच पहले से ही मतभेद हैं। विपक्षी दलों की ओर से दावा किया जाता रहा है कि E20 का इस्तेमाल कुछ पुराने वाहनों के माइलेज और इंजन के प्रदर्शन पर असर डाल सकता है। दूसरी ओर, केंद्र सरकार और E20 के समर्थकों का तर्क है कि एथेनॉल मिश्रण से कच्चे तेल के आयात में कमी, किसानों के लिए अतिरिक्त बाजार और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सकता है। ऐसे में रीवा सांसद के बयान और भूपेश बघेल के पलटवार के बाद E20 पेट्रोल को लेकर चल रही राजनीतिक बहस एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
Raipur, Chhattisgarh: On BJP MP Janardan Mishra’s statement on pure petrol, Punjab Congress in-charge Bhupesh Baghel says, “BJP leaders have lost their senses. If the public is demanding pure petrol, toh baap ke ghar nahi toh kya uske baap ke ghar se aaraha hai?…” pic.twitter.com/Z96FeOx3dI
— IANS (@ians_india) August 10, 2026




