छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल परीक्षा के परिणाम जारी, फेल छात्रों को फिर मिलेगा मौका
रायपुर। CG Open School: छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। हाई स्कूल परीक्षा में 17,834 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें से 30.02% छात्र पास हुए हैं। वहीं, हायर सेकेंडरी परीक्षा में 14,269 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें से 46.28% छात्र पास हुए हैं।
वहीं परीक्षार्थी अपना परिणाम www.sos.cg.nic.in और www.result.cg.nic.in पर अपने रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं। इसके साथ ही कहा गया कि, अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए नवंबर-दिसंबर 2025 में परीक्षा आयोजित की जाएगी। बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2025 है।
CG Open School: बता दें कि, इस बार कक्षा 12वीं की परीक्षा के लिए 15036 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें 14269 विद्यार्थी सम्मिलित हुए. 128 विद्यार्थियों के आवेदन को निरस्त किया गया। 2540 विद्यार्थी आरटीडी के तहत शामिल हुए। कक्षा 10वीं की दूसरी परीक्षा के लिए प्रदेश के 19,249 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 17834 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 13 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया। 17,821 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया। इनमें 30.02 फीसदी उत्तीर्ण हुए।




