हसदेव नदी में नहाने गए तीन मासूमों की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव, शोक में डूबा पूरा गांव
जांजगीर-चांपा। Janjgir News: जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र के हनुमान धारा हसदेव नदी के में बुधवार को हुई दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। रूद्र, युवराज और नेलशन नाम के तीन छात्र सुबह करीब 10 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर अपने-अपने साइकिल से नहाने के लिए हनुमान धारा पहुंचे थे। तीनों मनका पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे और क्रमशः 5वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा में अध्ययनरत थे। शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने चिंतित होकर उनकी तलाश शुरू की। बच्चों के मोबाइल की लोकेशन त्रिदेव घाट के पास मिली, जिसके आधार पर खोजबीन तेज की गई।
तलाशी के दौरान तीनों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें नदी किनारे मिली, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और जिला के गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची। रातभर और अगले दिन तक जारी सर्च ऑपरेशन के बाद लगभग 24 घंटे में पुलिस टीम ने हसदेव नदी से तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए।
Janjgir News: वहीं शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए BDM अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक अनुमान है कि नहाने के दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए होंगे, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।




