Change Address In Aadhaar: अब आधार कार्ड में एड्रेस बदलना हुआ आसान, नए Aadhaar ऐप से मिनटों में होगा एड्रेस अपडेट, जानें कैसे
नई दिल्ली। Change Address In Aadhaar: आधार कार्ड में पता (Address) बदलवाने के लिए अब आधार सेवा केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नई डिजिटल सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए यूजर्स अपने स्मार्टफोन से ही आधार में एड्रेस अपडेट करने का अनुरोध कर सकते हैं।
UIDAI ने 30 जून 2026 से पुराने एमआधार ऐप को बंद कर उसकी जगह नया आधार एप्प लागू किया है। नया ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसमें सुरक्षा और उपयोगकर्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जिससे आधार से जुड़े कई कार्य अब ऑनलाइन किए जा सकते हैं।
फेस ऑथेंटिकेशन से आसान हुआ वेरिफिकेशन
नए ऐप में चेहरे से पहचान की सुविधा दी गई है, जिससे पहचान सत्यापन पहले की तुलना में अधिक तेज और सुरक्षित हो गया है। इसी तकनीक की मदद से अब आधार कार्ड में पता बदलने की प्रक्रिया भी काफी आसान हो गई है।
ऐसे करें एड्रेस अपडेट
सबसे पहले अपने मोबाइल में नया Aadhaar App डाउनलोड कर उसका रजिस्ट्रेशन और सेटअप पूरा करें। ऐप खोलने पर आपका मास्क्ड आधार कार्ड दिखाई देगा। इसके बाद सर्विस सेक्शन में जाकर एड्रेस अपडेट विकल्प चुनें।
यहां आपको वर्तमान पता दिखाई देगा और उसे अपडेट करने के दो विकल्प मिलेंगे—
- पहला विकल्प: वैध एड्रेस प्रूफ दस्तावेज अपलोड कर नया पता दर्ज करें।
- दूसरा विकल्प: परिवार के किसी सदस्य के आधार कार्ड के आधार पर पता अपडेट करने का अनुरोध करें।
₹75 शुल्क देकर करें आवेदन
अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें। इसके बाद ₹75 का ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। भुगतान सफल होने पर आपको Service Request Number (SRN) मिलेगा। इसी नंबर के जरिए आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा सकती है।
15 दिनों में पूरा हो सकता है अपडेट
Change Address In Aadhaar: UIDAI के अनुसार, सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर आधार में पता अपडेट होने में करीब 15 दिन का समय लग सकता है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए आधार सेवा केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी और आवेदन घर बैठे ही पूरा किया जा सकेगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य आधार सेवाओं को अधिक डिजिटल, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है, ताकि लोगों का समय बचे और आधार से जुड़े कार्य पहले की तुलना में अधिक सरलता से पूरे हो सकें।




