
रायपुर. रक्षाबंधन के अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास पर स्कूली बच्चों, स्वच्छता दीदीयों, दिव्यांग बच्चों और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी बहनों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधी. मुख्यमंत्री ने सभी बहनों, बच्चियों, ट्रांसजेंडरों को उपहार भेंट कर उनके सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई.
पहली बार ट्रांसजेंडरों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी
भारत में यह पहली बार है कि ट्रांसजेंडरों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री को राखी बांधकर इस रक्षाबंधन पर्व को खास ढंग से मनाया. आज राखी के अवसर पर बड़ी संख्या में ट्रांसजेंडर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री को राखी बांधी. मुख्यमंत्री ने उन्हें उपहार भेंट की. ट्रांसजेंडरों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उनके सुखद-समृद्ध जीवन के लिए दुआएं दी.

दिव्यांग वर्षा ने पैरों से बांधी राखी
वहीं इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिव्यांग बच्चों ने भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी. दिव्यांग वर्षा ने पैरों से राखी बांधकर मुख्यमंत्री सहित वहां उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया.

स्कूली बच्चियों ने खुद की बनाई राखी बांधी
शासकीय अभ्यास प्राथमिक शाला महासमुंद की छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार राखियां मुख्यमंत्री के कलाई में सजायी. बच्चियों ने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री को राखी बांधी और मिठाईयां खिलायी. मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा और कहा कि शिक्षा से देवार जाति की तस्वीर बदली है. यह उपलब्धि सुकून देने वाली है. उन्होंने सभी बच्चों से कहा कि आप सब खूब पढ़ें और तरक्की की राह पर आगे बढ़ें.

अपार स्नेह पाकर अभिभूत हूं : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी बच्चियों, बहनों और ट्रांसजेंडरों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि आज मुझे यह अहसास ही नहीं हुआ कि मेरी कोई सगी बहन नहीं है, प्रदेशभर से आयी बहनों और बच्चों का स्नेह और मंगलकामनाएं पाकर मैं अभिभूत हूं. हमारी सरकार उनकी सुरक्षा, सम्मान, समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से इस दिशा में पहल की है. महतारी वंदन योजना के माध्यम में बहनों और माताओं के प्रति अपने इसी दायित्व को पूरा किया है. मुझे संतोष है कि इस योजना में प्रदेश की 70 लाख माताओं- बहनों को हर माह एक-एक हजार मिल रहा है. महतारी वंदन योजना के माध्यम से हमने बहनों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया है. इस योजना के जरिए हर महीने बहनों को मिलने वाली एक हजार रूपए की राशि महिलाओं और बहनों की सामाजिक एवं पारिवारिक प्रतिष्ठा बढ़ी है. उनकी छोटी-मोटी घरेलू जरूरतें इस राशि से पूरी होने लगी है. आप सभी बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी शक्ति और प्रेरणा का स्रोत है. रक्षाबंधन के इस पर्व पर मैं आपके जीवन में सुख, समृद्धि और सुरक्षा की कामना करता हूं.






