सूरजपुर में दिनदहाड़े गुंडागर्दी,एसईसीएल कर्मियों से बदमाशों ने की मारपीट,वीडियो वायरल

प्रविंस मनहर/रायपुर- सूरजपुर जिले में दिनदहाड़े गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। आमगांव स्थित एसईसीएल खदान से ड्यूटी कर लौट रहे कर्मचारियों की बस को रास्ते में रोककर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार,एसईसीएल आमगांव खदान से कर्मचारियों को लेकर बस वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने बस को जबरन रुकवाया और पहले बस चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश बस के अंदर घुस गए और एक एसईसीएल कर्मचारी के साथ मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार अन्य कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। बस के अंदर हुए विवाद का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।




