Raipur News: खेल-खेल में हुआ दर्दनाक हादसा….प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, इलाके में शोक की लहर
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। धरसीवां के कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह खेलते-खेलते बावड़ी में गिरे बच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों बच्चे मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के पास पहुंचे और अचानक उसमें गिर गए। काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों के बावड़ी में होने की जानकारी मिली।
दोनों बच्चों की मौके पर ही हुई मौत
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे धरसीवां के कुर्रा गांव के निवासी बताए गए हैं। धरसीवां थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Raipur News: एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर स्थित खुली बावड़ी के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और ऐसे स्थानों पर सुरक्षा घेराबंदी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




