
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में अपराधियों का दुस्साहस रुकने का नाम नहीं ले रहा! शनिवार को दिनदहाड़े मोतीपुर-साहेबगंज पथ पर चनही चौक और ठीकहां के बीच दो बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार दंपती से बैग छीन लिया और पीछा कर रहे ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर फरार हो गए.
दिनदहाड़े लूट और फायरिंग का तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर एक दंपती स्कूटी से साहेबगंज से मोतीपुर की ओर जा रहा था. चनही चौक और ठीकहां के बीच सफेद बाइक पर सवार दो बदमाशों ने अचानक उनका बैग छीन लिया. दंपती के शोर मचाने पर बदमाशों ने हवा में एक राउंड गोली चलाकर दहशत फैलाई और मोतीपुर की ओर भागे. जब महमदपुर बलमी गांव के पास ग्रामीणों ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे लोग डरकर पीछे हट गए और बदमाश फरार हो गए.
बरूराज थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा ने कहा, “हमें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली. कोई पीड़ित थाने नहीं आया.” मोतीपुर पुलिस ने भी यही रुख अपनाया. इस इनकार ने पुलिस की सतर्कता और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और लुटेरों पर नकेल कसने की मांग की है.




