मेडिकल कॉलेज घोटाला मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में छापेमारी
रायपुर। ED Raid : मेडिकल कॉलेजों की मान्यता दिलाने के नाम पर चल रहे कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। ये कार्रवाई मेडिकल कॉलेजों में मान्यता और कोर्स की अनुमति दिलाने के बदले रिश्वत देने के आरोपों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क को लेकर की गई है। वहीं रायपुर के प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में दिल्ली से पहुंची ED की टीम जांच कर रही है।
बता दें कि, सरकारी अफसरों को मेडिकल कॉलेजों की इंस्पेक्शन रिपोर्ट लीक करने के बदले रिश्वत देने का आरोप है। बताया गया कि कुछ सरकारी अफसरों, खासकर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अफसरों को पैसे दिए गए हैं और बदले में ये अफसर मेडिकल कॉलेजों की गोपनीय रिपोर्ट्स बाहर वालों को देते थे और इस जानकारी की मदद से मेडिकल कॉलेजों के कुछ मैनेजर और बिचौलिए पैरामीटर्स में हेरफेर करते थे।
घूसकांड में शामिल है ये नाम
बताया गया कि, इस घूसकांड में गीतांजलि यूनिवर्सिटी, उदयपुर के रजिस्ट्रार मयूर रावल, टेक्निफाई सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड आर. रणदीप नायर, रायपुर स्थित रावापुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (SRIMSR) के चेयरमैन रवि शंकर जी महाराज, निदेशक अतुल कुमार तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई के चांसलर डी.पी. सिंह का नाम भी आरोपियों की लिस्ट में दर्ज है।
इन राज्यों में की छापेमारी
ED Raid : वहीं ईडी की टीम ने आज आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि कुल 15 लोकेशन कवर की गई है। ये छापेमारी देश के अलग-अलग राज्यों में मौजूद 7 मेडिकल कॉलेजों को लेकर की जा रही है। बताया गया कि, अभी इस पूरे मामले में प ईडी की कार्रवाई जारी है और रेड पूरी होने के बाद ही कई अहम सबूत हाथ लगेंगे। जिसके आधार पर ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।




