तंजानिया में सोने की खदान दिलाने के नाम पर कारोबारी से करोड़ों की ठगी, ऐसे बिछाया था जाल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Scam: राजधानी में करोड़ों की ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने तंजानिया में सोने की खदान के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी यश राजेश शाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को तंजानिया में गोल्ड माइन का मालिक बताते हुए प्रार्थी समर्थ बरड़िया और उसके साथी को पार्टनरशिप में निवेश का झांसा दिया। फर्जी दस्तावेज तैयार कर खनन का अधिकार होने का दावा किया और मोटी रकम हड़प ली।
जब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ तब उसने शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का वैध खनन अधिकार नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया। इसी बीच सूचना मिली कि वह वियतनाम भागने की फिराक में मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है।
Raipur Scam: दस्तावेज जांच के दौरान एलओसी के आधार पर उसे ट्रेस कर लिया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात कबूल कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।




