साय कैबिनेट की बैठक आज, पंचायत और निगम चुनाव पर होगा फैसला
धान खरीदी पर भी चर्चा

रायपुरः छत्तीसगढ़ सरकार कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक आज होने जा रही है। दोपहर तीन बजे से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होनेवाली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय़ लिए जा सकते हैं। बैठक दोपहर तीन बने से नवा रायपुर के मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
पंचायत और निगम चुनाव पर फैसला
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कैबिनेट की बैठक में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार महत्वपूर्ण फैसला ले सकती है। सत्ताधारी बीजेपी ने पिछले दो दिनों में प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रणनीति को अंतिम रूप दिया है। पार्टी के रणनीतिकारों ने चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसी कड़ी मे राज्य सरकार पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में कैबिनेट में फैसला ले सकती है।
धान खरीदी पर चर्चा
कैबिनेट में धान खरीदी पर भी चर्चा हो सकती है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। लेकिन विपक्ष सरकार पर धान खरीदी को लेकर कई गंभीर आरोप लगा रही है। साथ ही कांग्रेस पार्टी कल से धान खरीदी केन्द्रों पर भी जाकर आंदोलन करनेवाली है। इसके मद्देनज़र सरकार पूरी स्थिति की समीक्षा कर कुछ महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।




