Surajpur Crime News: प्यार, शक और कत्ल…सरेआम प्रेमी ने प्रेमिका की गला रेतरकर की हत्या, इलाके में दहशत
सूरजपुर। Surajpur Crime News: सूरजपुर शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे जिले को झकझोर दिया। कोतवाली थाने से महज 500 मीटर दूर, विधायक बंगले के सामने स्थित नेहरू पार्क में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दूसरे युवक से बात करने के शक में दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते प्यार का रिश्ता खून में बदल गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के बीच हुई थी बहस
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 8 बजे राधिका राजवाड़े अपने प्रेमी रितेश राजवाड़े के साथ सूरजपुर के नेहरू पार्क पहुंची थी। दोनों पार्क में कुछ देर तक साथ बैठे रहे, लेकिन इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रितेश को शक था कि राधिका किसी दूसरे युवक से भी बात करती है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में अपने पास रखा चाकू निकाला और राधिका के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही राधिका ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मौके से मिले भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। अलग-अलग पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और कुछ ही घंटों के भीतर पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस जंगल से आरोपी रितेश राजवाड़े को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
Surajpur Crime News: प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रेम प्रसंग और युवती पर दूसरे युवक से संबंध होने के शक में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेहरू पार्क में रोज बड़ी संख्या में युवक-युवतियां आते हैं, लेकिन वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों का आरोप है कि पार्क में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है, न ही सुरक्षा गार्ड मौजूद रहते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब लोगों ने पार्क में हाईमास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।




