मां दंतेश्वरी मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के कीमती आभूषण उड़ा ले गए चोर, CCTV वीडियो आया सामने
जगदलपुर। Theft In Danteshwari Mandir: बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का फाटक तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी और प्रबंधन समिति के सदस्य पहुंचे, तो फाटक टूटा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल मंदिर से कितनी नकद राशि, सामग्री और माता के आभूषण चोरी हुए हैं, इसका आंकलन किया जा रहा है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मां दंतेश्वरी के गले का हार और मंदिर में स्थापित अन्य देवियों के आभूषण भी चोरी किए जाने की आशंका है। यह घटना न सिर्फ बस्तर की आस्था पर चोट है, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर रही है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर के हृदय स्थल और पॉश कॉलोनी में स्थित मंदिर में हुई है, जहां आमतौर पर कड़ी सुरक्षा और भक्तों की भीड़ रहती है। गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले और बसंत पंचमी पर्व के चलते 23 फरवरी को मंदिर में भारी भीड़ और अच्छा खासा चढ़ावा हुआ था। माना जा रहा है कि इसी को ध्यान में रखकर चोरों ने रात में मंदिर को निशाना बनाया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंदिर में प्रतिदिन तैनात रहने वाले दो होमगार्ड जवान वारदात की रात ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
बताया जा रहा है कि दोनों जवान एकसाथ छुट्टी पर थे और उनकी जगह कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इसे लेकर कोतवाली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच “चोर-पुलिस मौसेरे भाई” जैसी चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बोधघाट थाना प्रभारी टीआई लीलाधर राठौड़ और कोतवाली थाना प्रभारी भोलासिंह राजपूत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में एक दिव्यांग व्यक्ति के मंदिर में प्रवेश करने की तस्वीर सामने आई है, हालांकि वारदात के तरीके से अंदेशा है कि चोरी में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय बाजार में भी कुछ माह पहले चोरी की बड़ी घटनाएं हुई थीं, जहां नाइट गश्त के बावजूद चोर बेखौफ नजर आए। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि भारी भीड़ वाले पर्व के दिन दोनों जवानों को एकसाथ छुट्टी कैसे दी गई और उनकी जगह दूसरे जवानों की ड्यूटी क्यों नहीं लगाई गई।
Theft In Danteshwari Mandir: घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक को इस पूरे मामले में सुरक्षा चूक और पुलिस भूमिका की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, ताकि आस्था के इस प्रमुख केंद्र की गरिमा बनी रहे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।




