Ashutosh Brahmachari: अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए बयानों से पलटे आशुतोष ब्रह्मचारी, कहा-‘रामचंद्र दास के कहने पर किया था मुकदमा दर्ज’
मथुरा। Ashutosh Brahmachari: सोशल मीडिया में इस समय शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और आशुतोष ब्रह्मचारी के बीच चल रहा विवाद देखने को मिल रहा है। बीते दिनों जहां आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य पर बटुकों के यौन शोषण के आरोप लगाए थे। वहीं अब वे अपने से बयानों से पलट गए हैं। उन्होंने रामचंद्र दास के कहने पर बयान दिया था। साथ ही इसमें कई अधिकारियों के शामिल होने का भी आरोप लगाया है। ये कबूलनामा उन्होंने एक वीडियो जारी कर किया है।
बता दें कि, आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने एक वीडियो जारी कर अपने गुरुभाई रामचंद्र दास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें गुमराह कर कई फैसले करवाए गए और विभिन्न कानूनी मामलों में उनका इस्तेमाल किया गया। आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि रामचंद्र दास ने उन्हें गलत जानकारी देकर कई कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि, एक कथित फर्जी वसीयत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कराई गई और आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई। इस मामले को लेकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा को लिखित शिकायत भेजी है।
एसएसपी को भेजी शिकायत
अपने शिकायत पत्र में आशुतोष ब्रह्मचारी ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित दस्तावेजों की वैधता की जांच होनी चाहिए और यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर वह अदालत का भी दरवाजा खटखटाएंगे।
दबाव में लिए गए फैसलों का दावा
आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि पूर्व में जो कानूनी कदम उठाए गए थे, वे कुछ लोगों के प्रभाव और दबाव में उठाए गए थे। अब वह पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाना चाहते हैं। उनका कहना है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कई महत्वपूर्ण मामलों में भ्रामक जानकारी दी गई।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि प्रयागराज में आयोजित माघ मेले के दौरान शुरू हुए विवाद के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बटुकों के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद प्रयागराज की विशेष पॉक्सो अदालत में एक याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के बाद अदालत ने संबंधित पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
जांच और कानूनी प्रक्रिया पर नजर
Ashutosh Brahmachari: अब आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा लगाए गए नए आरोपों के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस प्रशासन को भेजी गई शिकायत और संभावित न्यायिक कार्रवाई को लेकर धार्मिक और सामाजिक हलकों में काफी चर्चा हो रही है। सभी की नजर अब जांच एजेंसियों और अदालत की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हुई है।




