अब ट्रेन में सफर करना पड़ेगा महंगा, रेलवे ने नए साल से पहले बढ़ाया किराया, इस दिन से लागू होंगे नए किराये के स्ट्रक्चर
Railway Fare Hike: भारतीय रेलवे ने यात्री किराए में मामूली बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 26 दिसंबर 2025 से लागू होगी। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्राओं पर लागू होगी, जबकि छोटी दूरी और लोकल ट्रेनों पर कोई बदलाव नहीं। रेलवे को इससे चालू वित्त वर्ष में करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है।
साधारण श्रेणी में 215 किमी से अधिक दूरी पर प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा लगेगा। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी कोच और सभी एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि होगी। उदाहरण के लिए, 500 किमी की नॉन-एसी यात्रा पर मात्र 10 रुपये अतिरिक्त लगेंगे। रेलवे ने 26 दिसंबर 2025 से लागू होने वाले नए किराये के स्ट्रक्चर की घोषणा कर दी है। इसमें ऑर्डिनरी क्लास में 215 किलोमीटर से कम की रेल यात्रा पर कोई बोझ नहीं बढ़ाया गया है यानी इसके लिए किराये में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गई है।
Railway Fare Hike: रेलवे ने ऑपरेशनल खर्च (2.63 लाख करोड़), मैनपावर लागत (1.15 लाख करोड़) और पेंशन व्यय (60,000 करोड़) बढ़ने का हवाला दिया है। नेटवर्क विस्तार, सुरक्षा उपाय और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के इंतजाम भी इसमें शामिल हैं। यह इस साल जुलाई के बाद दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले जुलाई महीने की पहली तारीख को रेल किराया बढ़ाया गया था। अलग-अलग कैटेगरी की ट्रेनों के किराये में बढ़ोतरी की गई थी।




