छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा का राज्य सम्मेलन सम्पन्न, प्रो. एम एल नायक बनें अध्यक्ष

रायपुर। वर्तमान समय में आम लोगों के बीच वैज्ञानिक सोच बढ़ाना सबसे जरूरी काम है, क्योंकि आज भले ही युग आधुनिक हो गया है परंतु लोगों की विचारधारा अभी भी पिछडी हुई है. उक्त कथन जेएनयू दिल्ली के प्रोफेसर डा दिनेश अब्राल ने छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के राज्य सम्मेलन में कहें . उक्त सम्मेलन प्रो व्हीके थवाइत नगर, सावित्रीबाई फुले एजुकेशन एकेडमी, सेक्टर 5, सड्डू, रायपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रोफेसर दिनेश अब्राल ने किया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रो एम एल नायक ने की तथा एआईपीएसएन के आब्जर्वर के रूप में आशा मिश्रा और विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश विज्ञान सभा के कार्यकारी अध्यक्ष डा एस आर आजाद शामिल हुए।
सम्मेलन में ए आई पी एस एन से आई हुई आब्जर्वर आशा मिश्रा ने नई शिक्षा नीति एवं शिक्षा प्रणाली के बारे में बहुत सी जानकारियां दी और कोविड पेंडेमिक से पिछड़ गयी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विज्ञान सभा को प्रेरित किया।

मध्यप्रदेश विज्ञान सभा से आए डा एस आर आजाद ने विज्ञान और तकनीक के उपयोग पर जोर दिया और कहा कि तकनीक एवं विज्ञान का उपयोग जनता की भलाई के लिए होना चाहिए. छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष डॉ एम एल नायक ने छत्तीसगढ़ से अंधश्रद्धा हटाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के उद्देश्य को समझाया। प्रदेश के पूर्व पश्चिम उत्तर दक्षिण, हर कोने से लोग उपस्थित हुए। विशेष रूप से कोरबा, कांकेर, बसना, जगदीशपुर, बिलासपुर, मुंगेली, सीपत, कुरुद- धमतरी, देवभोग, राजनांदगांव, दुर्ग भिलाई तथा रायपुर इकाईयों से सम्माननीय सदस्यगण शामिल हुए जिन्होंने विज्ञान सभा की सदस्यता बढ़ाने, तथा वैज्ञानिक सोच को ग्रामीण इलाकों तक फैलाने के लिए अपने विचार प्रस्तुत किये। सचिव डा वाय के सोना द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट का सदस्यों द्वारा कुछ संशोधनों को शामिल करते हुए अनुमोदन किया गया। एआईपीएसएन आब्जर्वर आशा मिश्रा द्वारा आगामी जून माह में भोपाल में होने वाली 17वी पिपुल्स साइंस कांग्रेस की जानकारी दी गई। उन्होंने सांगठनिक मजबूती के लिए बहुत सारे सुझाव देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और वैज्ञानिक जागरूकता के लिए केम्पेन मोड में होने वाले अभियानों के बारे में विस्तार से बताया।

नई कार्यकारिणी के गठन के साथ छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा का दो दिवसीय राज्य सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ जिसमें आगामी कार्यकाल के लिए भारत के सबसे अच्छे टेक्सोनामिस्टों मे शामिल प्रो एम एल नायक- अध्यक्ष, विश्वास मेश्राम – कार्यकारी अध्यक्ष, शिक्षाविद त्रय हेमंत खूटे पिथौरा, सुनील साहू कांकेर तथा आलोक शर्मा रायपुर- उपाध्यक्ष, पर्यावरण वैज्ञानिक – डा वाय के सोना- राज्य सचिव, अनुपम जोफर कांकेर, निधि सिंह कोरबा तथा रतन गोंडाने रायपुर – संयुक्त सचिव तथा शिक्षा विद्- अंजू मेश्राम- कोषाध्यक्ष अपनी 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के साथ लोक विज्ञान, पर्यावरण सुधार तथा संतुलित विकास के उद्देश्य के साथ प्रदेश में विज्ञान के प्रचार प्रसार का काम करते रहेंगे ।




