CG School Exam Time Table: स्कूलों के लिए नई परीक्षा व्यवस्था लागू, अब एक साथ होंगी तिमाही-छमाही परीक्षाएं, DPI का आदेश जारी

रायपुर। CG School Exam Time Table: छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और छमाही परीक्षाएं एक ही समय पर आयोजित की जाएंगी। इसके लिए डीपीआई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, तिमाही परीक्षाएं 21 सितंबर 2026 से शुरू होंगी, जबकि छमाही परीक्षाओं का आयोजन 1 दिसंबर 2026 से किया जाएगा। सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में निर्धारित तिथियों पर एक साथ परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सभी जिलों में एक समान परीक्षा व्यवस्था
डीपीआई के निर्देशानुसार, सभी जिलों में परीक्षा संचालन के लिए जिला परीक्षा समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां परीक्षा की तैयारी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी, ताकि पूरे प्रदेश में परीक्षा प्रक्रिया एक समान तरीके से संचालित हो सके।
तय दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा मूल्यांकन
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्रों का निर्माण, परीक्षा संचालन और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। इससे सभी जिलों में मूल्यांकन प्रक्रिया में एकरूपता आएगी और विद्यार्थियों का निष्पक्ष आकलन सुनिश्चित होगा।
BIG BREAKING:PM मोदी बोले-पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए सरकार प्रतिबद्ध,नया कानून संसद से पारित
शिक्षा व्यवस्था में आएगी पारदर्शिता
CG School Exam Time Table: शिक्षा विभाग का मानना है कि पूरे प्रदेश में एक साथ परीक्षाएं आयोजित होने से परीक्षा प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी। साथ ही सभी जिलों में समान मानकों के आधार पर विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जा सकेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। डीपीआई ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संबंधी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि निर्धारित तिथियों पर परीक्षाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।




