Balrampur Accident: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग, मौके पर ही एक की मौत, 3 गंभीर घायल
बलरामपुर। Balrampur Accident: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद दोनों बाइकों में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन जलकर खाक हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के चुरैला नाला के पास हुई। आमने-सामने आ रही दो मोटरसाइकिलों की तेज रफ्तार में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों में तुरंत आग भड़क उठी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Balrampur Accident: पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




