
लखनऊ। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन (85 वर्ष) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह मेदांता लखनऊ में कई दिनों से वेंटिलेटर पर भर्ती थे। उन्होंने सुबह 5.35 बजे अंतिम सांस ली। उनके पुत्र नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने ट्वीट से जानकारी दी। सोमवार को उनकी हालत नाजुक बताई जा रही थी। इसको लेकर सोमवार को मेदांता अस्पताल की तरफ से मेडिकल बुलेटिन भी जारी किया गया था, जिसमें उनकी हालत नाजुक होने की बात कही गई थी।
लालजी टंडन को 11 जून को हालत बिगड़ने पर मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया। 13 जून को पेट मे रक्तस्राव होने पर ऑपरेशन किया गया। इसके बाद वह वेंटिलेटर पर चले गए। हल्का सुधार हुआ तो दो दिन बीच में बाई-पैप मशीन पर शिफ्ट किया गया। मगर तबियत फिर बिगड़ गई। निधन की सूचना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान लालजी टंडन को श्रद्धांजलि देने आएंगे।




