Blinkit Warehouse Sealed: नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, नियमों की अनदेखी पर ब्लिंकिट परिसर सील
रायपुर। Blinkit Warehouse Sealed: राजधानी रायपुर में भवन और सुरक्षा संबंधी नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समता कॉलोनी स्थित ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के संचालन परिसर को सील कर दिया। यह कार्रवाई जनशिकायत मिलने के बाद की गई, जिसके तहत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
Big Breaking:शराबी दूल्हे को ठुकराने वाली बेटी बनी पुलिस की महिला काउंसलर,साहस को मिला सम्मान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को परिसर में कई गंभीर अनियमितताएं मिली। जांच में पाया गया कि, भवन में निर्धारित मानकों के अनुरूप पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरण और व्यवस्थाएं भी नियमों के अनुरूप नहीं मिलीं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए।
बिना पूर्णता प्रमाणपत्र के चल रहा था संचालन
नगर निगम की जांच में यह भी सामने आया कि, संबंधित भवन का पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) प्राप्त किए बिना ही वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। निगम अधिकारियों ने इसे भवन निर्माण और नगर नियोजन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना। मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिसर को सील कर दिया गया।
नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी सख्ती
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना आवश्यक अनुमति, सुरक्षा मानकों और भवन संबंधी नियमों का पालन किए संचालित होने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अन्य प्रतिष्ठानों की भी होगी जांच
Blinkit Warehouse Sealed: नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि राजधानी के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और गोदामों का भी निरीक्षण किया जाएगा। यदि कहीं भी पार्किंग, अग्निशमन सुरक्षा या भवन अनुमति संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ब्लिंकिट के सील किए गए परिसर को लेकर आगे की कार्रवाई नियमों के पालन और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद तय की जाएगी।




