Sawan Somwar 2026: सावन का पहला सोमवार आज, शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लगे हर-हर महादेव के जयकारे
रायपुर। Sawan Somwar 2026: सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश के शिवालयों में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
रायपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हाटकेश्वर नाथ मंदिर में सावन के पहले सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्था भी की गई है।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए दर्शन और पूजा की व्यवस्था अलग-अलग तरीके से की गई है। सावन के पहले सोमवार के कारण मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
हिंदू धर्म में सावन माह को भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस पूरे महीने श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और सोमवार का व्रत भी रखते हैं। सावन माह का हर सोमवार विशेष महत्व रखता है, लेकिन पहला सोमवार अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है।
Sawan Somwar 2026: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान शिव की पूजा करने तथा उनका जलाभिषेक करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं। भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और तरक्की का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव से परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं।




