CG Paper Leak: IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 लोग गिरफ्तार, 20 अगस्त को होनी थी परीक्षा
रायपुर। CG Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की कीट विज्ञान परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्ग के एक निजी कॉलेज से प्रश्नपत्र लीक हुआ था। मामले में पुलिस ने प्रोफेसर समेत 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पेपर लीक की जांच अब कई जिलों तक पहुंच गई है।
Raipur News: क्या आपका भी ई-चालान है बकाया? ऐसे हो सकता है निराकरण, मिल सकती है राहत
पुलिस के मुताबिक, पेपर लीक मामले में एक प्रोफेसर सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। जांच के दौरान कुछ छात्रों के भी पेपर लीक करने और उसे आगे पहुंचाने में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंचा प्रश्नपत्र
जांच में पता चला है कि कीट विज्ञान का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले WhatsApp के जरिए वायरल हुआ था। इसके बाद प्रश्नपत्र कई छात्रों तक पहुंचा। पुलिस ने मोबाइल फोन, WhatsApp चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया है।
पांच जिलों में पुलिस की दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई। अब तक पुलिस 16 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी इस मामले में पूछताछ की गई थी। IGKV में 20 अगस्त को कीट विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जानी थी। परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल होने की जानकारी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी थी और मामले की जांच शुरू हुई।
तेलीबांधा थाने में दर्ज है FIR
पेपर लीक मामले को लेकर तेलीबांधा थाना, रायपुर में FIR दर्ज की गई है। पुलिस तकनीकी जांच, मोबाइल चैट और आरोपितों के संपर्कों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस आज दोपहर 12 बजे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। माना जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेपर लीक की पूरी कहानी, आरोपितों की भूमिका और प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचने के तरीके की जानकारी सामने रखी जाएगी।




