Raipur Crime: दोस्ती बनी दुश्मनी! दोस्त और उसकी गाड़ी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मौत से जंग हार गया युवक
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। सुयश अस्पताल के पीछे बीते रविवार 12 जुलाई की रात करीब 9 बजे कथित तौर पर चार युवकों ने अपने ही दोस्त साकिब और उसकी मोपेड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। इस घटना में मोपेड पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी, जबकि साकिब गंभीर रूप से झुलस गया था। घटनास्थल पर युवक की चप्पल और जले हुए कपड़े भी पड़े मिले थे।
करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद आज उपचार के दौरान साकिब की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की और न ही पीड़ित का बयान लेकर आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस ने मौके से कुछ सामान तक जब्त नहीं किया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Raipur Crime: इसी नाराजगी को लेकर मृतक के परिजन आज दोपहर करीब एक बजे से सरस्वती नगर थाने में बैठे हुए हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।




