Jantar Mantar Protest: सोनम वांगचुक के बाद अभिजीत दीपके ने संभाली कमान, किया भूख हड़ताल का ऐलान
नई दिल्ली। Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके एक बार फिर प्रदर्शन स्थल पहुंचे। समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि वह शनिवार से आमरण अनशन पर बैठ रहे हैं। साथ ही उन्होंने 20 जुलाई को आंदोलन के समर्थन में एक मार्च निकालने का भी ऐलान किया। दीपके ने कहा कि, आंदोलन अपनी मांगों को लेकर लगातार जारी रहेगा और उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की। उनका कहना था कि आगामी मार्च के जरिए आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
इधर, पिछले करीब 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस के मुताबिक, लगातार अनशन के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ रहा था, इसलिए चिकित्सकों की सलाह और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश और मेडिकल विशेषज्ञों की राय को ध्यान में रखते हुए वांगचुक को सरकारी अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से भी शांति बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
सफदरजंग अस्पताल में उपचार जारी
Jantar Mantar Protest: सूत्रों के अनुसार, सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि वह पूरी तरह होश में हैं और उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत (वाइटल्स) फिलहाल सामान्य और स्थिर हैं। डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि डॉक्टरों की टीम लगातार सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उन्होंने दोहराया कि अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय पूरी तरह चिकित्सकीय सलाह और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है।




