धर्मांतरण और चंगाई सभा को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का बड़ा बयान, कहा- जल्द आएगा सख्त कानून, सभी राज्यों से होगा अलग
रायपुर। Deputy CM Vijay Sharma: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने धर्मांतरण और चंगाई सभा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के खिलाफ जल्द ही देश का सबसे सख्त कानून लाया जाएगा, जो अन्य राज्यों से अलग और एक कदम आगे होगा। इसके साथ ही उन्होंने चंगाई सभा को लोगों को भ्रमित करने वाली चीज बताया और कहा कि इसे बंद होना चाहिए।
भाजपा नेता की हत्या को लेकर बयान
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी एसपी को हिदायत दी है कि उनका परफॉर्मेंस नहीं दिखेगा तो कार्रवाई की जाएगी। सब की समीक्षा और सब की चर्चा की गई है। उन्होंने बस्तर में मुखबिरी के आरोप में भाजपा नेता की हत्या को लेकर कहा कि, बस्तर की जनता ने नक्सलवाद को समाप्त करने का फैसला किया है। वहीं बहुत बड़े नक्सलियों के समूह ने भी तय कर लिया है कि नक्सलवाद समाप्त होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि, साल भर पहले जहां महिला ने गढ़चिरौली में समर्पण किया था उसके पति ने भी मुख्य धारा को अपना लिया है। आने वाले समय में मुख्य धारा में आने वालों का स्वागत किया जाएगा और उन्हें सभी व्यवस्थाएं दी जाएगी। वहीं जो इस तरह की घटनाएं कर रहे हैं उनसे हमारे जवान निपटने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस पर किया पलटवार
Deputy CM Vijay Sharma: बिहार चुनाव में भाजपा नेताओं के जाने को लेकर कांग्रेस के ऊपर पलटवार करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि, पदयात्रा का विषय अच्छा है, भाव भी अच्छा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उनके नेता ने भी पदयात्रा की थी उसका क्या परिणाम निकला जरा बताएं। उन्होंने कहा कि, हमें पूरा एहसास है कि वह एनडीए की सरकार बनेगी। सीटों का बंटवारा भी पूरी तरह से हो गया है। हम लोग पूरी जान लगाकर एनडीए के सरकार के लिए पूरी कोशिश करेंगे। देखते है कि, वे वहां जाकर लड़ाई करेंगे या टिकट बेचेंगे। देखेंगे की वह किस विधि से जाएंगे, कुछ अच्छा करेंगे ऐसी आशा है।




