रायपुर के विदेशी शराब दुकान में 7 लाख की चोरी,लाकर उखाड़ ले गए चोर
प्रविंस मनहर/रायपुर – राजधानी रायपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 7 लाख रुपये की चोरी कर ली। मामला आमा नाका थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार,अज्ञात चोर देर रात शराब दुकान में घुसे और वहां रखे लाकर को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमा नाका थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।




