हार्वेस्टर मशीन की चपेट में एक साल के मासूम की मौत, आरोपी चालक फरार

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम पहरिया में फसल काटने वाली हार्वेस्टर मशीन की चपेट में आकर एक साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को सिर पर गंभीर चोट लगी थी जिससे उसकी मौत हो गई। हार्वेस्टर चालक के खिलाफ बलौदा थाने में केस दर्ज किया गया है।
मृत बच्चे चिराग केवट के पिता मनोज कुमार केवट ने बताया कि फसल काटने के लिए मध्यप्रदेश से हार्वेस्टर मशीन लाई गई है। बुधवार को उसे बाड़ी में खड़ा किया गया था। बाद में फसल काटने के लिए उसे निकाला जा रहा था, लेकिन ड्राइवर उसके नीचे खेल रहे चिराग को नहीं देख सका और लापरवाही से हार्वेस्टर मशीन चलाते हुए बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। सामने का चक्का बच्चे पर चढ़ जाने के कारण उसका सिर फट गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस ने हार्वेस्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।




