Yog Day 2026: कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ योगाभ्यास, कुलपति ने बताए योग के महत्व

रायपुर। Yog Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
शासकीय मीडिल स्कूल काठाडीह की प्रभारी प्रधान पाठिका उषा साव ने योग प्रोटोकॉल के अनुरूप उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य शामिल हुए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने योगाभ्यासियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में योग का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है, जिसे महर्षि पतंजलि ने सूत्रबद्ध कर व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है।
प्रो. दयाल ने कहा कि वर्तमान समय में योग विज्ञान का व्यावहारिक महत्व लगातार बढ़ रहा है और यह एक उभरते हुए व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में भी सामने आया है। मीडिया शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पेशेवरों के लिए योग तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी साधन बन सकता है।

राष्ट्र ऋषि कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा स्थल के समीप आयोजित कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र कुमार शर्मा ने योग का परिचय देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सहायक कुलसचिव डॉ. देवसिंह पाटिल ने किया।

Yog Day 2026: कार्यक्रम में प्राध्यापक पंकज नयन पांडेय, डॉ. शाहिद अली, डॉ. राजेन्द्र मोहंती सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे और योगाभ्यास में सहभागिता निभाई। योग दिवस के इस आयोजन के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।





