अपराधियों ने पूर्व पार्षद के बेटे से लूटी चेन, विरोध करने पर मारा चाकू
गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक के पास देर रात बदमाशों ने पूर्व पार्षद सुदामा गिरि के बेटे अनिल गिरि पर हमला कर सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के बाद उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गोपालगंज: गोपालगंज में अपराधियों ने सोमवार रात दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पूर्व पार्षद सुदामा गिरि के बेटे अनिल गिरि पर हमला कर उनकी सोने की चेन लूट ली।
जानकारी के मुताबिक, अनिल गिरि रात में वीएम फील्ड स्थित अपने घर पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें रोका और गले से चेन छीनने की कोशिश की। जब अनिल ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर चाकू से छाती और पेट पर हमला कर दिया। घायल अनिल किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन तुरंत उन्हें सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पेट्रोल पंप पर डॉक्टर की पत्नी से सोने की चेन लूटी
मुजफ्फरपुर शहर के कलमबाग रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह अपराधियों ने डॉक्टर शैलेंद्र कुमार की पत्नी शशि सिंह से सोने की चेन छीन ली। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर कलमबाग चौक की ओर फरार हो गए। शोर मचाने पर भी अपराधी पकड़े नहीं गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। लगातार चेन छिनतई की वारदातों से लोगों में दहशत है, जबकि पुलिस की कार्रवाई केवल सीसीटीवी जांच तक सीमित नजर आ रही है।




