Janjgir-Champa News: म्यूल अकाउंट गिरोह पर कार्रवाई, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 18 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी का खुलासा
जांजगीर-चांपा। Janjgir-Champa News: जिले की चांपा पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट (Mule Account) मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के बैंक खातों के माध्यम से 18 लाख 17 हजार 216 रुपये की संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन हुई है। यह राशि विभिन्न साइबर धोखाधड़ी के मामलों से जुड़ी बताई जा रही है। मामले का खुलासा तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजेक्शन के विश्लेषण और समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को छिपाने और एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए इन खातों का उपयोग किया जा रहा था। आरोपी इसके बदले कमीशन प्राप्त करते थे। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चांपा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Narayanpur News: पुलिस निरीक्षक पर गिरी गाज, कमीशनखोरी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद भेजे गए जेल
Janjgir-Champa News: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा किसी को उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना अनजाने में भी साइबर अपराध का हिस्सा बना सकता है और कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।




