रफ्तार ने ली तीन जिंदगियां: लालगंज–हाजीपुर रोड पर बस-ऑटो की भीषण भिड़ंत, सात यात्री घायल
टक्कर के बाद ऑटो चकनाचूर, बस चालक फरार; एक घायल को पीएमसीएच रेफर, ग्रामीणों ने जाम कर जताया गुस्सा
वैशाली : लालगंज–हाजीपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ने एक बार फिर कहर ढाया है। करताहा थाना क्षेत्र के कंचनपुर धनुषी गांव के पास मंगलवार सुबह बस और ऑटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए और यात्री सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे।
घायलों में छह को सदर अस्पताल हाजीपुर तथा एक को स्थानीय स्तर पर उपचार मिला। इनमें से एक की हालत चिंताजनक होने पर पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान —
• मो. दिलशेर, 40 वर्ष, श्यामाचक (काजीपुर)
• दिलीप राय, 45 वर्ष, मथुरापुर गंज (लालगंज)
• राजीव कुमार, 21 वर्ष, रहिमापुर जगदीश (वैशाली)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो हाजीपुर से लालगंज जबकि बस लालगंज से पटना जा रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे घटारो टोला के पास तीव्र गति से आ रही बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया।
रफ्तार से होने वाले हादसों पर अंकुश और बस चालक की गिरफ्तारी की मांग भी लोगों ने की।




