Agra News: युवक ने पुल से फंदा लगाकर की आत्महत्या की कोशिश, राहगीरों ने बचाई जान, सुसाइड नोट में कही ये बात
आगरा। Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। बसई अरेला थाना क्षेत्र स्थित अरनौटा पुल पर गुरुवार दोपहर एक युवक ने रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, मौके से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते बचा लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद युवक को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान 24 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में युवक ने अपनी सास मल्ला देवी, ससुर चंद्रसैन तथा दोनों सालों सत्यवीर और उमेश पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि ससुराल पक्ष ने उसकी पत्नी को उसके खिलाफ कर दिया था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव झेल रहा था।
Agra News: नोट में धीरज ने यह भी लिखा है कि उस पर करीब 3 से 4 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। आर्थिक संकट से उबरने के लिए वह अपने हिस्से की एक बीघा जमीन गिरवी रखने का फैसला करना चाहता था, जिस पर उसके परिवार के सदस्य सहमत थे। लेकिन उसके अनुसार, ससुराल पक्ष ने जमीन गिरवी रखने या बेचने का विरोध किया और इस मुद्दे को लेकर लगातार दबाव व धमकियां दीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




