हथियारबंद हमलावरों ने डायन बताकर एक दंपती की बेरहमी से कर दी हत्या , बेटी और भाभी घायल
जामो थाना क्षेत्र के हेतिमपुर गांव की घटना, तांत्रिक झाड़-फूंक को लेकर पट्टीदारों से चल रही थी रंजिश

सीवान : सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में सोमवार को अंधविश्वास की आग ने फिर एक परिवार को झकझोर दिया. हथियारबंद हमलावरों ने डायन बताकर एक दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उनकी बेटी और भाभी को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
मृतकों की पहचान 54 वर्षीय अवधेश गुप्ता और उनकी पत्नी 45 वर्षीय रीता देवी के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल उनकी बेटी अंकु गुप्ता और भाभी सुगांती देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
झाड़-फूंक को लेकर रंजिश
रिश्तेदारों ने बताया कि घटना की जड़ लंबे समय से चले आ रहे झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रियाओं से जुड़ी है. पट्टीदारों का आरोप था कि अवधेश गुप्ता का परिवार टोना-टोटका करता है, जिसकी वजह से उनके घर में संतान नहीं हो रही. हाल ही में एक बच्चे की जन्म के एक महीने के भीतर मौत हो जाने पर उन्होंने अवधेश परिवार को जिम्मेदार ठहराया. इसी रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया गया.
ताबड़तोड़ फायरिंग और गला रेतकर हत्या
सोमवार सुबह करीब 11 बजे 4-5 हथियारबंद लोग अवधेश गुप्ता के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अवधेश को सिर और गले में, जबकि रीता देवी को सीने में गोलियां लगीं. इसके बाद हमलावरों ने दोनों का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया. बीच-बचाव करने पहुंची बेटी अंकु और भाभी सुगांती देवी को भी हमलावरों ने धारदार हथियार से घायल कर दिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है.



