राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए इस दिन होगी वोटिंग
नई दिल्ली। Rajya Sabha Elections 2026: भारत के चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 सीटों को भरने के लिए काउंसिल ऑफ़ स्टेट्स (राज्य सभा) के हर दो साल में होने वाले चुनावों की घोषणा की है। जिसमें छत्तीसगढ़ से 2 राज्यसभा सीटों पर भी चुनाव होगा। ये सीटें अप्रैल 2026 में खाली हो रही हैं। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद KTS तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जिसके चलते इन सीटों पर चुनाव अनिवार्य हो गया है।
बता दें कि, चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी किया है। राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को वोटिंग है और नतीजे भी उसी दिन आएंगे। कुल 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में 233 चुने जाते हैं। चुनाव आयोग ने पहले ही इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर्स की नियुक्ति के लिए पत्र भेज दिए थे।
आयोग ने बताया है कि महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार की सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। ये सीटें अप्रैल महीने में अलग-अलग तारीखों को खत्म हो रही है। वहीं 26 फरवरी 2026 को राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होगा। जिसमें नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च 2026 है। जबकि, नामांकनों की जांच 6 मार्च को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मार्च 2026 है।
Rajya Sabha Elections 2026: वोटिंग 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी और उसी दिन ही शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी और नतीजे भी आएंगे। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 20 मार्च 2026 है। मालूम हो कि, ये चुनाव राज्य विधानसभाओं के सदस्यों द्वारा कराए जाते हैं. इसलिए विधायकों की संख्या और पार्टियों की ताकत पर निर्भर करेंगे।




