

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद अब महापौरों और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह का सिलसिला जारी हैं। रायपुर महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद आज दो महत्वपूर्ण नगर निगमों, धमतरी और दुर्ग में नवनिर्वाचित महापौरों और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के मंत्री और बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहें। पूरा समारोह विधि विधान से संपन्न कराया गया।
धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में धमतरी नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर रामु रोहरा और सभी 27 पार्षदों ने आज शपथ ग्रहण किया। इस बार के नगर निगम चुनाव में 40 भाजपा पार्षद चुनकर आए हैं। इनके अलावा, कांग्रेस के 8 पार्षद और 5 निर्दलीय पार्षदों ने भी शपथ ली। समारोह में मंत्री टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल हुई।

इसी के साथ दुर्ग नगर निगम में भी नवनिर्वाचित महापौर अलका बाघमार ने शपथ ग्रहण किया। साथ सभी 60 पार्षदों ने भी शपथ ली। इस नगर निगम में 40 भाजपा पार्षद, 12 कांग्रेस पार्षद, और 8 निर्दलीय पार्षद चुनकर आए हैं। इस अवसर पर गृह मंत्री विजय शर्मा और सांसद विजय बघेल भी मौजूद रहे।
बस्तर संभाग के एक मात्र नगर पालिक निगम जगदलपुर के नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे सहित नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के 30 पार्षदों ने आज मां दन्तेश्वरी मंदिर के सामने बनाए गए मंच पर सनातनी परंपरा के अनुसार आचार्यो द्वारा वैदिक मंत्रोचार के बीच शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डे सहित सभी पुरूष पार्षद सनातनी परंपरा के अनुरूप धोती एवं कुर्ता पहने हुए थे तथा सभी महिला पार्षद साड़ी पहनी हुई थी। शपथ ग्रहण के पूर्व अतिथियों ने सर्वप्रथम मां दन्तेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर आर्शीवाद लिया। इसके बाद मंच पर मां दंतेश्वरी एवं भारतमाता के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीप प्रज्जवल के बाद मुख्यअतिथि अरूण साव सहित सभी अतिथितियों ने नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे को सबसे पहले पगड़ी पहनाकर तिलक लगाया। उसके बाद जिला कलेक्टर एस. हरिश ने पहले संजय पाण्डे को महापौर पद की शपथ दिलाई, इसके बाद नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के सभी 30 पार्षदों को एक साथ शपथ दिलाया गया।





