Raipur News: आस्था के बीच पुलिस की सतर्कता, सावन के आखिरी सोमवार पर सोमनाथ धाम में भक्तों की भीड़, 100 कड़े किए जब्त
रायपुर। Raipur News: सावन के आखिरी सोमवार को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तों और कांवड़ियों की आवाजाही बनी रही। करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने के अनुमान के बीच पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। रविवार रात से ही अलग-अलग जिलों से श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। रायपुर के अलावा कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए सोमनाथ धाम पहुंचे।
सुरक्षा के लिए करीब 100 कड़े किए जब्त
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान विशेष निगरानी रखी। पुलिस को आशंका थी कि भीड़ के बीच किसी विवाद या झड़प की स्थिति में हाथों में पहने जाने वाले भारी कड़े चोट का कारण बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जांच के दौरान पुलिस ने करीब 100 कड़े जब्त किए। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि भीड़ के बीच संभावित विवाद और चोट की घटनाओं को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर की गई।
मंदिर परिसर से लेकर रास्तों तक पुलिस की नजर
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर, आसपास के इलाकों और प्रमुख पहुंच मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। जवानों ने लगातार पेट्रोलिंग कर भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी। संदिग्ध लोगों की जांच के साथ श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की टीम भी सक्रिय रही।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था
पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में संभाली गई। एसडीओपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, धरसीवा थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान सहित पुलिस बल ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी और किसी भी संभावित विवाद या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए टीमों को अलर्ट रखा।
देर रात तक मंदिर पहुंचते रहे कांवड़िए
Raipur News: सावन के अंतिम सोमवार को कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा और बालोद सहित कई जिलों से कांवड़िए भी बड़ी संख्या में सोमनाथ मंदिर पहुंचे। सोमवार देर रात तक श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही जारी रही। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस की सतर्कता, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के चलते सोमनाथ मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। सुरक्षा के लिए की गई एहतियाती कार्रवाई और लगातार निगरानी ने संभावित विवादों को रोकने में भी अहम भूमिका निभाई।




