भीषण हादसा… हवा में उड़ते हुए पोल से टकराई तेज रफ्तार कार, फटा इंजन, चालक घायल
हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur Car Accident: राजधानी के रिंग रोड नंबर दो पर एक तेज रफ्तार ऑडी कार हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना राजेंद्र नगर के पास ओवरब्रिज पर हुई, जहां तेज गति से आ रही लग्जरी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन फट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं हादसे में कार चालक के पैर में गंभीर चोट आई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। टक्कर के बाद सड़क पर इंजन ऑयल और अन्य तरल पदार्थ फैल गए, जिससे वहां से गुजर रहे कुछ राहगीर और दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना देर रात की है और सड़कें लगभग सुनसान थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
Raipur Car Accident: घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया गया और तेल फैलने वाली जगह पर सफाई करवाई गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और रिंग रोड पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




