
लखनऊ में मिशन रोजगार के तहत चयनित 550 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “विकसित भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो हम छोड़ते नहीं… नया भारत घर में घुसकर मारता है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग में 40,000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है, जिसमें 32,000 शिक्षक एडेड कॉलेजों में नियुक्त हुए हैं। साथ ही पिछले कुछ समय में 8,000 माध्यमिक शिक्षक और 1.23 लाख बेसिक शिक्षक नियुक्त किए गए हैं।
योगी ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रही और अब शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे शिक्षा के स्तर में सुधार करें। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में शिक्षा प्राथमिकता में नहीं थी और नकल माफिया के चलते कई जिले बदनाम थे, लेकिन अब ऑपरेशन कायाकल्प जैसे प्रयासों से शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को समयबद्ध ढंग से लागू करने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग जरूरी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर शिक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज का युवा अपनी पहचान नहीं छिपाता और उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में देशभर में अपनी पहचान बना रहा है।




