धमतरी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में निकली भव्य शोभायात्रा, महिलाओं ने सेना को किया नमन

धमतरी : राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच धमतरी द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। यह यात्रा गौशाला मैदान से शुरू होकर रामबाग गणेश चौक, सदर बाजार होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची। यात्रा की कुल लंबाई लगभग 300 मीटर रही।
गांधी मैदान में आयोजित सभा में मातृशक्ति ने भारतीय सेना को नमन करते हुए आभार प्रकट किया। मंच के सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार और भारतीय सेना द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई के समर्थन और सम्मान में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने मासूमों की हत्या कर महिलाओं का सिंदूर उजाड़ा था, और इसके जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी कार्रवाई जरूरी थी।
7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक 7 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, जिसमें प्रमुख मांगें शामिल थीं:
- सभी संस्थानों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
- भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को लेकर सरकार की नीतियों की जनचर्चा हो।
- सेना के प्रति आभार और राष्ट्रीय स्वाभिमान अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाए।
- प्रशासनिक सहयोग से देशभक्ति कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिले।
- मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए अभियान का प्रचार किया जाए।
- देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
- अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से निकाला जाए।
यह शोभायात्रा धमतरी नगर और जिले भर में चर्चा का विषय बनी रही, जिसमें देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।




