CG Monsoon Session 2026: जल जीवन मिशन पर सदन में सवालों की बौछार,भाजपा विधायकों ने अपनी ही सरकार को घेरा
रायपुर। CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान जल जीवन मिशन और अमृत मिशन योजना को लेकर सदन में लंबी चर्चा हुई। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, अधूरे कार्य और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भाजपा विधायकों ने सरकार से जवाब मांगा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को सत्ता पक्ष के ही विधायकों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा।
प्रश्नकाल में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने रायपुर में अमृत मिशन योजना की प्रगति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यह योजना केवल 25 वार्डों तक सीमित थी। उन्होंने जानना चाहा कि योजना किसने बनाई, कब पूरी हुई और इसके बावजूद करीब 1.21 लाख घरों तक आज भी पेयजल क्यों नहीं पहुंच रहा है।
इस पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अमृत मिशन फेस-1 के तहत 211 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुई थी, लेकिन पूरी राशि समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि जिन घरों तक अब तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है, वहां तक सुविधा पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
अजय चंद्राकर ने इसके बाद स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पेयजल परियोजनाओं पर हुए खर्च और 24×7 जल आपूर्ति का लाभ लेने वाले लोगों की संख्या की जानकारी भी मांगी। इसके जवाब में अरुण साव ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से 15.45 करोड़ रुपये, पेयजल मद में 9.09 करोड़ रुपये और नगरोत्थान योजना के तहत 207 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
चंद्राकर ने आगे पूछा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग वर्तमान में किस योजना के तहत और कितनी आबादी को पानी उपलब्ध करा रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि पहले पेयजल व्यवस्था पीएचई विभाग संचालित करता था, जिसे अब संबंधित नगर निगमों को हस्तांतरित कर दिया गया है। हालांकि, अजय चंद्राकर मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में अधिकारियों की ओर से गलत जानकारी दी जा रही है और रायपुर में पीएचई विभाग के माध्यम से कहीं भी पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है।
इसी दौरान भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े, सुनील सोनी और राजेश मूणत ने भी सरकार को पेयजल योजनाओं पर घेरा। भैयालाल राजवाड़े ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र बैकुंठपुर में जल जीवन मिशन अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाया है और कई गांवों में आज भी लोगों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल रही।
CG Monsoon Session 2026: वहीं, सुनील सोनी और राजेश मूणत ने राजधानी रायपुर में हर साल गहराते जल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई इलाकों में पानी की टंकियां बनने के बावजूद लोगों को टैंकरों के सहारे पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। सभी सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, जल जीवन मिशन और अमृत मिशन के तहत कार्य लगातार जारी हैं। जहां भी अधूरे कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और लोगों तक नियमित पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।




